केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जोधपुर दौरे पर, बोले-देश की सफलता के लिए आत्मनिर्भर भारत एकमात्र विकल्प

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जोधपुर दौरे पर, बोले-देश की सफलता के लिए आत्मनिर्भर भारत एकमात्र विकल्प

जोधपुर: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जोधपुर दौरे पर हैं. माहेश्वरी महासभा के अंतरराष्ट्रीय अधिवेशन में शिरकत कर रहे है. मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में कार्यक्रम आयोजित हो रहा है. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कार्यक्रम में मौजूद हैं. केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत भी कार्यक्रम में मौजूद हैं.  केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि देश की सफलता के लिए आत्मनिर्भर भारत एकमात्र विकल्प है, जितना हो सके उतना स्वदेशी चीजों का इस्तेमाल करना शुरू करें.

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि स्वदेशी ही आत्मनिर्भर भारत का दूसरा पहलू है. घर में स्व भाषा, मातृभाषा का इस्तेमाल हमेशा कीजिए.  दुनिया में प्रगति के लिए चाहे कोई भी भाषा बोलिए. पर घर में बच्चों के साथ मारवाड़ी और हिंदी का ही प्रयोग करें. भाषा ही समाज और धर्म को जिंदा रखती है. 

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि भाषा ही संस्कृति को आगे बढ़ाती है. पीएम मोदी ने कई मायनों में देश को दुनिया के पटल पर आगे बढ़ाया है. हम दुनिया में चौथे नंबर का अर्थतंत्र बन गए हैं. हमारा निर्यात दुनिया में डबल हो चुका है. दुनिया में आगे बढ़ने के लिए देश में एक प्लेटफार्म बनकर तैयार है. युवाओं को आगे आकर उस पर बढ़ने की जरूरत है.

कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि माहेश्वरी समाज ने देश को हमेशा देने का काम किया. देश को जैसी जरूरत पड़ी, समाज ने उसी प्रकार से देने का काम किया. मुगलों के खिलाफ देश के खजाने भरने का काम इस समाज ने किया. अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन में भी माहेश्वरी समाज ने भरपूर आर्थिक योगदान दिया. आजादी के बाद देश के विकास में माहेश्वरी समाज उद्योग, धंधों से देश को समृद्ध कर रहा है. माहेश्वरी समाज ने हमेशा एक प्रगतिशील समाज का परिचय दिया है. हमारे गुजरात में मारवाड़ियों के लिए एक कहावत है-जहां न रेलगाड़ी पहुंचे, वहां मारवाड़ी पहुंचे.