जयपुर: हाईकोर्ट के फैसले और राज्य निर्वाचन आयुक्त के जल्द चुनाव कार्यक्रम जारी करने के बयान के बाद कांग्रेस निकाय और पंचायत चुनाव की तैयारी में जुट गई है. कांग्रेस का कहना है कि चुनाव कार्यक्रम की अधिसूचना के साथ ही प्रभारी औऱ पर्यवेक्षक लगा दिए जाएंगे. चुनाव के लिए कईं कमेटियों का गठन करेंगे और दिग्गज नेताओं के दौरे भी होंगे.
हाईकोर्ट के निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर दिए गए फैसले के बाद राज्य में फिर सियासत गर्माने वाली है. वहीं राज्य निर्वाचन आयुक्त ने भी साफ कर दिया है कि जल्द चुनावी कार्यक्रम हम जारी कर देंगे. ऐसे में चुनाव की आहट को देखते हुए कांग्रेस ने अभी से तैयारियां शुरु कर दी है. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि हम चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है. जैसे ही आय़ोग तारीखों की घोषणा कर देगा तो हम हमारे नेताओं को जिम्मेदारी बांट देंगे.
कांग्रेस जुटी निकाय और पंचायत चुनाव की तैयारियों में
तारीखों की घोषणा के साथ ही कांग्रेस करेगी कईं कमेटियों का गठन
वरिष्ठ नेताओं को दी जाएगी प्रभारी और पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी
निकाय-पंचायत चुनाव में कांग्रेस नहीं करेगी किसी दल के साथ गठबंधन
सरकार की नाकामियों, जनहित औऱ स्थानीय मुद्दों पर लड़ेगी कांग्रेस चुनाव
टिकट वितरण में कांग्रेस करेगी इस बार कईं नवाचार
जिला अध्यक्ष,ब्लॉक अध्यक्ष और नगर अध्यक्षों की सिफारिश भी बांटे जाएंगे टिकट
SC,ST,ओबीसी,अल्पसंख्यक,महिला और यूथ को मिलेंगे ज्यादा टिकट
पार्टी छोड़कर गए कईं नेताओं की होगी घर वापसी भी
कांग्रेस के लिए बतौर विपक्ष निकाय औऱ पंचायत चुनाव में शानदार प्रदर्शन करना बहुत जरुरी हो गया है. क्योंकि विधानसभा की चार सीटों पर उपचुनाव में उसे करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था. ऐसे में अच्छे रिजल्ट के जरिए कांग्रेस उस हार का हिसाब भी चुकता करना चाहती है. लिहाजा कांग्रेस पार्टी ने चुनाव की आहट के साथ ही रणनीति और तैयारियों पर अभी से काम शुरु कर दिया है.
आपको बता दे कि निकाय और पंचायत चुनाव रिजल्ट सियासी नजरिए से भी बेहद अहम होंगे. क्योंकि परिणाम कांग्रेस के पक्ष में आए तो वह उसे सरकार के खिलाफ नैरेटिव बनाने में कामयाब हो जाएगी. लिहाजा कांग्रेस ने अभी से निकाय और पंचायत चुनाव की जंग जीतने के लिए कवायद शुरु कर दी है. वहीं चुनावी रिजल्ट पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा के लिए भी सियासी रूप से काफी अहम रहेंगे.